बेमेतरा में 350+ पदों पर मेगा जॉब फेयर का धमाका : 21 मई को रोजगार मेले में युवाओं को मिलेगा सुनहरा मौका


बेमेतरा ! जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बेमेतरा द्वारा 21 मई 2026, गुरुवार को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय परिसर के कक्ष क्रमांक 64 में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगा।

रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 350 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें सुरक्षा गार्ड, फील्ड ऑफिसर, इलेक्ट्रिक मीटर तकनीशियन, सेल्स कंसल्टेंट, टेली कॉलर, सर्विस एडवाइजर और तकनीशियन जैसे कई पद शामिल हैं।

ग्लोबल एचआर सॉल्यूशन एंड जॉब कंसल्टेंट द्वारा सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है तथा वेतनमान 11,200 से 15,000 रुपये प्रतिमाह रहेगा।

वहीं स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर तकनीशियन के 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे तथा आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

इसके अतिरिक्त मंगलम ऑटोमोटिव्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें सेल्स कंसल्टेंट के 2 पद, वॉशिंग बॉय के 2 पद, सर्विस एडवाइजर का 1 पद, टेली कॉलर का 1 पद तथा तकनीशियन के 2 पद शामिल हैं। सेल्स कंसल्टेंट के लिए स्नातक योग्यता एवं 10 से 12 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित किया गया है। वॉशिंग बॉय पद हेतु 10वीं उत्तीर्ण योग्यता एवं 7 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन तय किया गया है। सर्विस एडवाइजर के लिए बीई तथा टेली कॉलर हेतु महिला स्नातक अभ्यर्थी पात्र होंगी। तकनीशियन पद के लिए आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

जिला रोजगार कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेला निजी कंपनियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के बीच सीधा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह संबंधित निजी संस्थाओं द्वारा संपन्न की जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र एवं सभी शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्रों के साथ 21 मई 2026 को निर्धारित समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बेमेतरा में उपस्थित होने कहा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post