बेमेतरा पुलिस में महाबदल: DIG रामकृष्ण साहू का बड़ा एक्शन, 140 पुलिसकर्मियों का तबादला… थानों से लेकर चौकियों तक मचा प्रशासनिक भूचाल


बेमेतरा । जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने रक्षित केंद्र, थाना, चौकी एवं विभिन्न शाखाओं में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यापक तबादला आदेश जारी किया है। इस बड़े फेरबदल में कुल 140 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें 106 आरक्षक, 28 प्रधान आरक्षक और 06 सहायक उप निरीक्षक शामिल हैं।

पुलिस विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों को हटाकर नई जगहों पर तैनात किया गया है, वहीं कई कर्मचारियों को रक्षित केंद्र से थाना एवं चौकियों में भेजा गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह बदलाव प्रशासनिक कसावट, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग में चुस्ती लाने के उद्देश्य से किया गया है।

स्थानांतरण सूची में सहायक उप निरीक्षक उदल राम टाण्डेकर को थाना बेमेतरा से थाना बेरला, मोहन लाल साहू को यातायात बेमेतरा से थाना साजा तथा संतोष ध्रुवे को पुलिस सहायता केंद्र बिरनपुर से चौकी कंडरका भेजा गया है। वहीं जहीर खान को रक्षित केंद्र से यातायात शाखा में पदस्थ किया गया है।

प्रधान आरक्षकों में रविन्द्र तिवारी, अनिल तिवारी, ललित केरकेट्टा, सुरेन्द्र तिवारी, विक्रम सिंह राजपूत, शिवनंदन दिवाकर, अनंत कोठारी, विजेन्द्र सिंह समेत कई कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

आरक्षकों की सूची में भी बड़े पैमाने पर बदलाव हुआ है। यातायात, थाना, चौकी और रक्षित केंद्र के बीच व्यापक फेरबदल करते हुए कई कर्मचारियों को नई पोस्टिंग दी गई है। विशेष रूप से थाना बेमेतरा, साजा, बेरला, नवागढ़, नांदघाट, परपोड़ी, खम्हरिया, दाढ़ी और विभिन्न चौकियों में बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती बदली गई है।

विभागीय जानकारी के अनुसार इस स्थानांतरण में 11 आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को रक्षित केंद्र भेजा गया, जबकि लंबे समय से रक्षित केंद्र में पदस्थ कर्मचारियों को थानों और चौकियों में जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले की कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा पुलिसिंग में नई ऊर्जा और कसावट देखने को मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post