प्रार्थी माधव शर्मा निवासी वार्ड नं. 15 नयापारा बेमेतरा, थाना व जिला बेमेतरा, स्थायी निवासी ग्राम मोहगांव थाना साजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई 2026 को शाम करीब 4:10 बजे से 5 बजे के मध्य किसी अज्ञात व्यक्ति ने लिना फोटो स्टूडियो बेमेतरा के काउंटर से लाल रंग के गोल डिब्बे में रखे पुराने इस्तेमाली सोने के मंगलसूत्र पाइप 25 नग, 06 नग सोने के मोहर सिक्के एवं एक जोड़ी सोने का झुमका चोरी कर लिया। चोरी गए जेवरों का कुल वजन लगभग 90 ग्राम एवं कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को चिन्हित कर परिजनों की उपस्थिति में पूछताछ की। पूछताछ में बालक द्वारा चोरी करना स्वीकार करने पर उसकी निशानदेही से चोरी गए 24 नग सोने के मंगलसूत्र पाइप, एक जोड़ी सोने का झुमका पट्टी, 04 नग सोने की बिंदिया, 05 नग गोल गेहूं दाना सहित कुल करीब 46 ग्राम सोना बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 25 Q 8655 भी जप्त की गई।
बरामद सोने के जेवरात एवं वाहन सहित कुल जुमला कीमती लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु, अवधेश सिंह, आरक्षक पुरुषोत्तम कुंभकार, देवेन्द्र साहू, इंद्रजीत पांडेय, शिव सेन, चुरावन पाल, सौरभ सिंह, मनीष मिश्रा, महेश जांगड़े सहित थाना बेमेतरा के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
