बेमेतरा ! जिले में अपराध एवं मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर लगातार शिकंजा कसते हुए बेमेतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दो गांजा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से करीब 10 किलो 539 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन समेत कुल 2 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी, बेरला तिराहा में दबोचे गए आरोपी
17 मई 2026 को थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल में सिमगा से बेमेतरा की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बेरला तिराहा कोबिया स्थित वेल्डिंग शॉप के सामने घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोका और तलाशी लेने पर उनके पास रखे बैग से 05 पैकेट में गांजा बरामद किया गया।
जबलपुर के रहने वाले निकले आरोपी, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
▪️ नितेश पटेल पिता रमेश पटेल, उम्र 24 वर्ष
▪️ भोला ठाकुर उर्फ छोटे भाई ठाकुर पिता बालकिशन ठाकुर, उम्र 25 वर्ष
दोनों निवासी भडपुरा, थाना भेड़ाघाट, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, सउनि उदलराम टांडेकर, आरक्षक पुरुषोत्तम कुंभकार, शिव सेन, महेश जांगड़े, आशीष तिवारी सहित थाना एवं यातायात स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
समाज को दिया सख्त संदेश
बेमेतरा पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
