स्पीकर हाउस में सजा पत्रकारिता का भव्य दरबार : डॉ. रमन सिंह बोले – सच लिखना ही सबसे बड़ी ताकत


रायपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम राजधानी रायपुर में भव्य और गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के पत्रकारों, साहित्यकारों और जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। प्रथम सत्र वृंदावन हॉल तथा द्वितीय सत्र स्पीकर हाउस के साहित्यिक हॉल में आयोजित किया गया।

द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की, जबकि मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों और ग्रामीण अंचलों से पहुंचे पत्रकारों का साल, श्रीफल और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान पत्रकारों का उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता देखने लायक रही।

अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर और सरगुजा के पत्रकारों ने नक्सलवाद की भयावहता को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और अब बस्तर में विकास की चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि नक्सलवाद और सलवा जुूम जैसे संवेदनशील विषयों पर निष्पक्ष और जिम्मेदार लेखन आवश्यक है। उन्होंने उन परिवारों के दर्द को समझने की बात कही, जिन्होंने हिंसा में अपने प्रियजनों को खोया है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष पद पर आठवीं बार निर्वाचित होने पर अरविंद अवस्थी तथा महासचिव विश्व दीपक राई को बधाई दी। उन्होंने हंसी-ठिठोली के अंदाज में अरविंद अवस्थी को आजीवन अध्यक्ष बने रहने की शुभकामना भी दी, जिससे सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि स्पीकर हाउस का साहित्यिक हॉल पत्रकारों और साहित्यकारों के लिए सदैव उपलब्ध रहेगा, जहां पुस्तक विमोचन और साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कहा कि पत्रकारिता में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में खुलकर देखने को मिलती थी। उन्होंने कहा कि कई बार सरकार के खिलाफ झूठी आलोचनाओं को भी डॉ. रमन सिंह सहजता से स्वीकार कर लेते थे और अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में पत्रकारिता को संरक्षण प्रदान किया।

उन्होंने महर्षि नारद को भारतीय पत्रकारिता का जनक बताते हुए रामायण काल का उल्लेख किया तथा हनुमान जी द्वारा माता सीता के समाचार लाने के प्रसंग को पत्रकारिता का प्राचीन उदाहरण बताया।

प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि डॉ. रमन सिंह हमेशा पत्रकारों को परिवार की तरह मानते हैं और उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में पत्रकारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कीं।

प्रथम सत्र में पत्रकारिता और राष्ट्र निर्माण पर जोर

प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं और समाज तक सूचनाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सहयोग के बिना राष्ट्रवाद और समाज सुधार की भावना मजबूत नहीं हो सकती।

उन्होंने मोबाइल के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिवारों को टूटने से बचाना भी समाज और पत्रकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कम से कम एक समय परिवार के साथ भोजन करने की अपील की।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास ने कहा कि पत्रकार केवल श्रमजीवी नहीं बल्कि स्वाभिमानी भी होते हैं। विषम परिस्थितियों में निष्पक्ष पत्रकारिता करना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है।

कार्यक्रम का संचालन राजेश मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन महासचिव विश्व दीपक राई ने किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी का भव्य स्वागत किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post