खपरी में सिलेंडर ब्लास्ट का कहर: एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत, मंजर देख कांप उठी रूह


दुर्ग जिले में दिल दहला देने वाला हादसा, घर बना मलबा… मासूम समेत चार जिंदगियां खत्म

दुर्ग ! जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 खपरी में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। रसोई गैस सिलेंडर फटने से हुए भीषण विस्फोट में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर पूरी तरह तबाह हो गया और अंदर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

इस हृदय विदारक हादसे में होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी वैष्णव (17 वर्ष) और मासूम गोपिका वैष्णव (2 वर्ष) की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम छोड़कर तत्काल घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मलबे में तब्दील घर का निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से चर्चा कर हादसे की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं सहायता कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख, 36 लाख की सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को कुल 36 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 5-5 लाख रुपए, कुल 20 लाख रुपए।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपए, कुल 16 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

पूरे इलाके में मातम, जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि

इस हादसे के बाद पूरे खपरी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। घटनास्थल पर विजय बघेल, रिकेश सेन, ईश्वर साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post