रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 02 वाहन और जेसीबी जप्त, अवैध उत्खनन-परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 57 हजार रुपये अर्थदण्ड


बेमेतरा  । जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 02 वाहनों सहित मुरुम उत्खनन में लगी 01 जेसीबी मशीन को जप्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 09 मई से 11 मई 2026 तक खनिज शाखा की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम कड़रका एवं चन्दनू क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 02 वाहनों को पकड़कर जप्त किया गया। वहीं ग्राम बिरनपुर में बिना अनुमति मुरुम उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को भी कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया गया।

खनिज विभाग ने सभी मामलों में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अवैध रेत परिवहन के 02 मामलों में कुल 57 हजार रुपये अर्थदण्ड की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अवैध मुरुम उत्खनन से जुड़े मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई गई है।

जिला प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post