पुलिस के अनुसार, ग्राम ढाबा में रहकर मजदूरी एवं टावर लगाने का काम करने वाले मनोज राजवंशी (26) और जगदीश राजवंशी (25) बुधवार सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से सुरहोली गए थे। दोपहर करीब 1 बजे दोनों लंच के दौरान ग्राम कुसमी से नाश्ता लाने के लिए निकले। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमक रही थी।
करीब 2 बजे सुरहोली-कुसमी मार्ग स्थित डी बाउली तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे दोनों मजदूर मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में दोनों के शरीर पर बिजली की चपेट में आने से जलने और चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक मनोज के सिर और बाएं पैर पर चोट व जलने के निशान पाए गए, जबकि जगदीश के कपड़े जलकर फट गए थे और उसके बाएं पैर पर भी चोट एवं जलने के निशान मिले हैं।
सुरहोली में टावर लगाने के काम में लगे पार्थ देव सरकार और संजीत सरकार से पूछताछ में भी दोनों मजदूरों के तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान कुसमी की ओर जाने की जानकारी सामने आई है।
मृतकों की पहचान मनोज राजवंशी, पिता अमल राजवंशी, निवासी धूमादिधी, थाना मालदा, पश्चिम बंगाल तथा जगदीश राजवंशी, पिता मजम राजवंशी, निवासी बंगाबरी, थाना मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ग्राम ढाबा क्षेत्र में रहकर काम कर रहे थे।
बेरला पुलिस ने सूचनाकर्ता पापन राजवंशी की रिपोर्ट पर मर्ग इंटीमेशन कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई की है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस की जांच और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।
