मावली माता मंदिर चोरी का एक माह बाद भी नहीं खुला राज, SIT के गठन के बावजूद अज्ञात चोर पुलिस पकड़ से बाहर


बेमेतरा टाइम्स । मारो नगर के प्रसिद्ध मावली माता मंदिर में माता रानी के श्रृंगार के चांदी के आभूषण चोरी होने की घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक अज्ञात चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। नगरवासियों में इसे लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक जांच में अपेक्षित सफलता सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार, 20-21 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मावली माता मंदिर की दीवार फांदकर छोटी गेट को कटर से काटा और मंदिर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद मुख्य दरवाजे का कुंदा तोड़कर गर्भगृह में पहुंचे और माता रानी के श्रृंगार में उपयोग होने वाले मुकुट, कुंडल, छत्र, कवच, करधन सहित करीब 900 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मंदिर समिति के सदस्यों ने 21 अगस्त को पुलिस चौकी मारो में रिपोर्ट दर्ज कराई।

SIT बनी, लेकिन नतीजा अब भी इंतजार में

घटना के बाद नगरवासियों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बावजूद एक माह से अधिक समय गुजरने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इससे पुलिस की जांच और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिरों में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। मावली माता मंदिर में पूर्व में भी चोरी होने की बात सामने आती रही है। इसके अलावा मुख्य मार्ग स्थित हनुमान मंदिर और महामाया मंदिर के समीप स्थित हनुमान मंदिर में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों के मुताबिक, इन मामलों में भी अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।

पुरानी चोरी की घटनाओं का भी नहीं हुआ खुलासा

नगर में पूर्व में शासकीय शराब भट्टी में करीब तीन लाख रुपये की चोरी का मामला भी सामने आ चुका है। वहीं जिला सहकारी बैंक की मारो शाखा में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। हालांकि वे तिजोरी नहीं तोड़ सके। उस मामले में भी डॉग स्क्वायड की मदद ली गई थी, लेकिन चोरों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली।

इन घटनाओं को लेकर लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। नगरवासियों का आरोप है कि पुलिस बल की कमी और सीमित गश्त के कारण असामाजिक तत्वों को गतिविधियां संचालित करने का अवसर मिल रहा है।

अवैध कारोबारों को लेकर भी उठ रहे सवाल

मारो पुलिस चौकी क्षेत्र में कबाड़ के कारोबार, कोयले के कथित अवैध भंडारण एवं परिवहन, ढाबों के माध्यम से कथित रूप से शराब और गांजा बिक्री तथा पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री जैसे आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। कुछ समय पूर्व नादघाट के पास एक ढाबे में ट्रक टैंकर से डीजल चोरी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई थी।

इसी तरह क्षेत्र में गौवंशों के अवैध परिवहन को लेकर भी घटनाएं सामने आती रही हैं। कुछ दिन पूर्व मारो क्षेत्र से गौवंश लेकर जा रही एक पिकअप वाहन के पलटने से तीन गौवंशों की मौत तथा कुछ के घायल होने की घटना भी सामने आई थी। हालांकि इन सभी मामलों में पुलिस की कार्रवाई और जांच की स्थिति अलग-अलग है, लेकिन लगातार उठ रहे सवालों के बीच स्थानीय लोग प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

43-44 साल पुरानी चौकी को थाना बनाने की मांग

नगरवासियों का कहना है कि मारो पुलिस चौकी लंबे समय से संचालित है। क्षेत्रफल और बढ़ती आबादी के साथ अपराध एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में चौकी का उन्नयन कर थाने का दर्जा देने और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है।

लोगों का कहना है कि यदि पुलिस बल बढ़ाया जाए, नियमित गश्त मजबूत हो और लंबित चोरी के मामलों की गंभीरता से जांच की जाए तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल मावली माता मंदिर चोरी के मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई और SIT की जांच के नतीजे का नगरवासियों को इंतजार है।


Post a Comment

Previous Post Next Post