सर्पदंश से पति की मौत के एक साल बाद भी नहीं मिली सहायता राशि, पीड़ित महिला ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

तहसील में समय पर आवेदन की जानकारी नहीं होने से अटका मामला, आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने की मांग


बेमेतरा टाइम्स । जिले के साजा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जांता निवासी एक गरीब विधवा महिला ने सर्पदंश से पति की मृत्यु के लगभग एक वर्ष बाद भी शासन की सहायता राशि नहीं मिलने पर कलेक्टर बेमेतरा से न्याय की गुहार लगाई है।

ग्राम जांता निवासी रेशमी बाई जांगड़े ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति स्वर्गीय भगवानदास जांगड़े (55 वर्ष) की 18 जुलाई 2025 को सर्पदंश के कारण आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना तत्काल थाना साजा में दी गई थी, जिसके बाद पंचनामा, पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी पूरी की गई।

आवेदिका का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि शासन की आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए तहसील कार्यालय में अलग से आवेदन देना आवश्यक होता है। इसी कारण समय पर आवेदन प्रस्तुत नहीं हो सका। बाद में उनकी पेशी भी हुई, लेकिन आज तक उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि प्राप्त नहीं हुई।

रेशमी बाई ने आवेदन में अपनी आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कलेक्टर से अनुरोध किया है कि शासन के नियमानुसार सर्पदंश से मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि शीघ्र स्वीकृत कर उनके बैंक खाते में प्रदान की जाए।

आवेदन के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अप्राकृतिक मृत्यु पंजीयन, एफएसएल रिपोर्ट, पंचायतनामा, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा बैंक पासबुक सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए गए हैं। साथ ही आवेदन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) साजा एवं तहसीलदार साजा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post