पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 11:32 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि शिव मंदिर के पास करीब 65 से 70 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला बैठी हुई हैं। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात आरक्षक भोला राम साहू और चालक अजय बर्मन तत्काल मौके पर पहुंचे।
पूछताछ के दौरान महिला अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थीं। उन्होंने बार-बार पूछने पर ग्राम लालपुर, थाना नवागढ़ क्षेत्र का निवासी होना बताया। महिला की स्थिति को देखते हुए टीम ने ग्राम लालपुर के कोटवार के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क किया।
परिजनों ने बताया कि महिला 21 सितंबर को रिश्तेदार के यहां ग्राम ओड़िया जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वहां नहीं पहुंची थीं। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह रास्ता भटक गई थीं।
डायल-112 टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए रात करीब 12:30 बजे महिला को उनके भाई के सुपुर्द कर दिया। महिला के सुरक्षित घर पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।
एसपी ने की टीम की सराहना
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) ने आरक्षक भोला राम साहू, चालक अजय बर्मन सहित डायल-112 टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता और सुरक्षा करना भी पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा, डीएसपी कौशिल्या साहू, डीएसपी शशिकला उईके सहित थाना एवं चौकी प्रभारियों ने भी डायल-112 टीम के इस कार्य की सराहना की।
बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार, डायल-112 सेवा आमजन की सहायता के लिए 24 घंटे उपलब्ध है।
