घुरसेना में चमके गजेंद्र यादव, “मैन ऑफ द सीरीज” बन जीत ली रेंजर सायकल


बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 में खेलो इंडिया केंद्र भिम्भौरी के खिलाड़ी का शानदार प्रदर्शन

बेमेतरा ! जिले के ग्राम घुरसेना में 10 मई से 12 मई 2026 तक आयोजित बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 खेल प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रही। प्रतियोगिता में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।

प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र भिम्भौरी एवं जनता हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र गजेंद्र यादव ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अपनी शानदार रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गजेंद्र यादव को प्रतियोगिता का “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया तथा पुरस्कार स्वरूप रेंजर सायकल प्रदान की गई।

गजेंद्र यादव वर्तमान में खेलो इंडिया केंद्र में प्रशिक्षक कामता प्रसाद के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।

एम.पी. क्लब घुरसेना द्वारा आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक नारायण यादव सहित राज्य स्तरीय निर्णायक अंकित निर्मलकर, भानु यादव, उमेश साहू, सोनू साहू, जे.आर. रजक, धनेन्द्र, मुकेश्वर, रुपेश यादव एवं केदार वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर आयोजन की सराहना की। वहीं जिला खेल अधिकारी पिंकी मनहर एवं सहायक जिला खेल अधिकारी उपेन्द्र सेंगर ने प्रतियोगिता की सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post