बैंक से छुड़ाए 90 ग्राम सोने के जेवर फोटो स्टूडियो से हुआ गायब, दीनदहाड़े 4.60 लाख की चोरी से मचा हड़कंप


गोल्ड लोन पटाने के बाद जेवर लेकर पहुंचा युवक, काउंटर पर भूलते ही चोर ने किया हाथ साफ

बेमेतरा। शहर में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां डीसीबी बैंक से गोल्ड लोन पटाकर वापस लाए गए करीब 90 ग्राम सोने के जेवर रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। पीड़ित युवक ने थाना बेमेतरा में शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चोरी किये गए सोने की कुल कीमत लगभग 4 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।

प्रार्थी माधव पिता ललित कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह थाना साजा क्षेत्र का निवासी है तथा वर्तमान में वार्ड नंबर 15 नया पारा बेमेतरा में रहकर वान्या प्यूरीफाई वॉटर प्लांट में काम करता है। उसने अपने दोस्त योगेश सिन्हा के नाम से डीसीबी बैंक शाखा बेमेतरा से गोल्ड लोन लिया था। दिनांक 13 मई 2026 को उसने बैंक में लोन पटाकर अपने सोने के जेवर वापस लिए।

बताया गया कि बैंक से जेवर लेने के बाद वह अपने दोस्त योगेश सिन्हा के साथ आयुष पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां ऑफिस में सोने के मंगलसूत्र पाइप 25 नग, 6 नग सोने के मोहर सिक्के तथा एक जोड़ी सोने का झुमका को लाल रंग के गोल प्लास्टिक डिब्बे में रखकर अपनी पैंट की जेब में रख लिया।


शाम करीब 4:10 बजे वह रतन टॉकीज के पास स्थित लीना फोटो स्टूडियो पहुंचा, जहां उसने पैसे जमा कराने के दौरान सोने वाला डिब्बा काउंटर में निकालकर रख दिया। खाते में 10 हजार रुपए ऑनलाइन जमा कराने के बाद वह जल्दबाजी में डिब्बा वहीं भूलकर भारतीय स्टेट बैंक चला गया।

करीब आधे घंटे बाद उसे सोने का डिब्बा याद आया तो वह वापस लीना फोटो स्टूडियो पहुंचा, लेकिन वहां डिब्बा गायब था। स्टूडियो में मौजूद रौनित चौहान से पूछताछ करने पर किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया गया। वहीं सीसीटीवी फुटेज दिखाने की बात पर कैमरा खराब होने एवं रिकॉर्डिंग नहीं होने की बात कही गई।

पीड़ित के अनुसार अज्ञात व्यक्ति द्वारा 13 मई की शाम 4:10 बजे से 5 बजे के बीच काउंटर से लाल रंग के डिब्बे में रखे करीब 90 ग्राम पुराने सोने के जेवर चोरी कर लिए गए। चोरी गए जेवरों में मंगलसूत्र पाइप, मोहर सिक्के और झुमका शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4.60 लाख रुपए बताई गई है।

घटना की जानकारी प्रार्थी के मौसेरे भाई ध्वज शर्मा, दोस्त योगेश सिन्हा एवं अनिल पांडे को भी होने की बात कही गई है। पीड़ित ने पारिवारिक सलाह-मशविरा एवं तलाश के बाद 15 मई 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post