आम रास्ते पर मिट्टी खुदाई विवाद में बवाल, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने एसपी ऑफिस पहुंचा साहू समाज, कहा पीड़ित परिवार डर के साए मे है !


बेमेतरा। ग्राम भीनपुरी में आम रास्ते पर मिट्टी खुदाई का विरोध करने पर कोमल साहू एवं उनके परिवार के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस द्वारा केवल चार आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने से साहू समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। समाज के लोगों का कहना है कि घटना में 15 से 20 लोग शामिल थे, लेकिन बाकी आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।

मामले को लेकर जिला साहू संघ अध्यक्ष नारद साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और डीआईजी रामकृष्ण साहू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, कड़ी धाराओं में कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। वहीं महिलाओं ने भी थाना प्रभारी मयंक मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रार्थी कोमल साहू ने बताया कि उनके खेत के आम रास्ते में कुछ लोग मिट्टी खुदाई कर रहे थे। मना करने पर उनके, उनके पिता, भाई एवं दो अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी घर पहुंच गए और महिलाओं के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आईं। पीड़ितों ने जिला चिकित्सालय में उपचार कराया। कोमल साहू ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये भी छीन लिए, जिसकी रिपोर्ट बेमेतरा थाने में दर्ज कराई गई है।

पीड़ित का कहना है कि हमला करने वालों की संख्या 15 से 20 थी, लेकिन पुलिस ने ओटेबंद निवासी चाकेंद्र, रेखराज, निलेश एवं टिकेंद्र वर्मा सहित केवल चार लोगों पर ही अपराध दर्ज किया है, जिससे समाज में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

डीआईजी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जिला साहू संघ अध्यक्ष नारद साहू, जिला कोषाध्यक्ष रामकुमार साहू, डॉ. विनय साहू, ताम्रध्वज साहू, रोहित साहू, सीमा साहू, छोटूराम साहू, महेश साहू, दीना साहू, मोंटी साहू, नूतन साहू, गजानंद साहू, शत्रुघ्न साहू, भागीरथी साहू, दिनेश साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं पीड़ित परिवार मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post