मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में 21 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सबसे ज्यादा चर्चा बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की रही, जो स्वयं भी दूल्हे के रूप में विवाह बंधन में बंधे।
बैलगाड़ी में निकली विधायक की बारात
विवाह समारोह से पहले रेस्ट हाउस से विवाह स्थल तक विधायक दीपेश साहू की बारात पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी पर निकाली गई। खास बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वयं बैलगाड़ी की कमान संभाली और दूल्हे विधायक की बैलगाड़ी चलाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और रास्ते भर बारात का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मौसम सामान्य रहा, लेकिन जैसे ही विवाह की रस्में पूरी हुईं, अचानक बादल घिर आए और बारिश शुरू हो गई। खुले मैदान में मौजूद लोगों के सामने बारिश से बचने की चुनौती खड़ी हो गई। कुछ लोग कुर्सियों वह गद्दे को छाते की तरह सिर पर रखकर खड़े रहे, तो कई लोग मंच और आसपास बने अस्थायी शेड की ओर दौड़ पड़े।
योजना की राशि छात्राओं की शिक्षा पर करेंगे खर्च
विवाह के बाद विधायक दीपेश साहू ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत मिलने वाली राशि वे अपने व्यक्तिगत उपयोग में नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि यह राशि मेधावी छात्राओं की पढ़ाई और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए खर्च की जाएगी।
यादगार बन गया आयोजन
एक ओर जहां 21 नवविवाहित जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की, वहीं दूसरी ओर विधायक की बैलगाड़ी वाली बारात और विवाह के तुरंत बाद हुई बारिश पूरे आयोजन की सबसे बड़ी चर्चा बन गई। लोगों का कहना था कि तपती गर्मी के बीच हुई इस बारिश ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।

