सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के आगमन के दौरान प्रोटोकॉल एवं स्वागत व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए। बताया जा रहा है कि कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों का स्वागत पीछे की ओर से किए जाने को लेकर वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की।
"ऐसी व्यवस्था पहले कभी नहीं देखी"
जिला पंचायत परिसर में आयोजित संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बैठक व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए कहा कि वह स्वयं लंबे समय तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण बैठक के लिए इस प्रकार की व्यवस्था उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा पांच जिलों के कलेक्टर मौजूद थे। इसके बावजूद अपेक्षाकृत छोटे सभाकक्ष में बैठक आयोजित किए जाने पर सवाल उठे। सीमित स्थान के कारण अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बैठने में भी असुविधा का सामना करना पड़ा। इतने बड़े स्तर की बैठक के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित स्थान का चयन नहीं किए जाने को लेकर भी चर्चा होती रही।
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताए जाने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुई इस फटकार को जिला प्रशासन के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।
