इसी क्रम में ग्राम कंतेली में अधिकार मित्र श्री तरुण आनंद एवं सुश्री स्वाति कुंजाम द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को “समाधान समारोह 2026” की जानकारी दी गई। शिविर में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 21 अप्रैल 2026 से इस विशेष पहल की शुरुआत की जा चुकी है, जिसका उद्देश्य न्याय को सरल, सुलभ और त्वरित बनाना है।
21 से 23 अगस्त तक सुप्रीम कोर्ट परिसर में विशेष लोक अदालत
जानकारी के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय परिसर नई दिल्ली में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जहां लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इसके पूर्व राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय स्तर पर मध्यस्थता केंद्रों में सुलह बैठकें आयोजित होंगी।
ऑनलाइन भी जुड़ सकेंगे पक्षकारशिविर में बताया गया कि पक्षकार चाहें तो स्वयं उपस्थित होकर अथवा वर्चुअल माध्यम से भी सुलह बैठकों में शामिल हो सकते हैं। जिनके मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे “समाधान समारोह” के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का निराकरण करा सकते हैं।
निःशुल्क कानूनी सहायता की भी दी गई जानकारी
शिविर के दौरान नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों एवं वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली की जानकारी भी दी गई। आमजनों से अपील की गई कि वे इस विशेष पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा या तालुका विधिक सेवा समिति साजा से संपर्क किया जा सकता है।
