“दादा... आपके घर में आग लग गई!” — बच्चों की चीख के बाद मची अफरा-तफरी, देखते ही देखते जल गया पूरा कारोबार


नवागढ़ ! शुक्रवार दोपहर नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम जैतपुरी में खेत में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग सीधे देव यादव के घर तक पहुंच गई, जहां घर में रखा लाखों रुपये का टेंट हाउस का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रमपुरा के आश्रित ग्राम जैतपुरी में दोपहर करीब 12:30 बजे खेत में खरपतवार जलाने के दौरान आग अचानक बेकाबू हो गई। उसी दौरान खेत की ओर खेल रहे बच्चों ने धुआं और तेज लपटें देखीं और दौड़कर देव यादव को सूचना दी — “दादा, आपके घर में आग लग गई है!”

लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई सीधे घर तक पहुंच गई। देखते ही देखते घर में रखा टेंट, कुर्सियां, टेबल, टेंट हाउस का लाखों रुपये का सामान और घरेलू सामग्री आग की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

🚨 दमकल नदारद, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सरपंच देवेंद्र सिंह वर्मा ने तुरंत संबलपुर चौकी को सूचना दी और खुद पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे। कोटवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

इधर सूचना पर डायल-112 पुलिस टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच सका, जिससे आग बुझाने में काफी देर हुई। ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से आखिरकार आग पर नियंत्रण पाया गया।

💔 लाखों का नुकसान, सदमे में परिवार

आगजनी की इस घटना में देव यादव का टेंट हाउस का पूरा कारोबार लगभग खत्म हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि खेतों में खरपतवार जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और तेज हवा के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में फायर ब्रिगेड व्यवस्था मजबूत करने और खेतों में आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post