शहर में अब नो-एंट्री! भारी वाहनों पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन, बेमेतरा में हादसों पर लगेगी लगाम


बेमेतरा ! प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर बेमेतरा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब शहर के भीतर भारी लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार कवर्धा-सिमगा-रायपुर मार्ग से गुजरने वाली सभी भारी वाहन एवं मालवाहक गाड़ियां अब शहर के भीतर प्रवेश नहीं करेंगी। इन वाहनों को बैजी से चोरभट्ठी बाईपास मार्ग का उपयोग करना अनिवार्य किया गया है।

बताया जा रहा है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संकरी सड़कों पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बन रही थी। वहीं स्कूल, बाजार और रिहायशी इलाकों में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था। नागरिकों की लगातार शिकायतों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह सख्त निर्णय लिया है।

प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा, आम लोगों को राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। आने वाले दिनों में नियम तोड़ने वाले भारी वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post