विधायक दीपेश साहू बोले — प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की सांस्कृतिक धरोहरों को दिलाई वैश्विक पहचान
बेमेतरा । बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जौग स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन स्वयंभू शिव मंदिर परिसर सोमवार को भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक चेतना के अद्भुत संगम का साक्षी बना। भगवान श्री सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर जनपद पंचायत बेमेतरा द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुजरात में आयोजित भव्य समारोह का वर्चुअल प्रसारण रहा, जिसे ग्राम जौग सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक देखा। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय सोमनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया। विधायक ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की तथा भगवान सोमनाथ के सहस्त्राब्दी वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश एवं जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति, परंपराओं और आस्था में बसती है। ग्राम जौग का यह प्राचीन शिव मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात में आयोजित यह ऐतिहासिक समारोह पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ने वाला आध्यात्मिक आयोजन है। वर्चुअल माध्यम से जौग की जनता का इस कार्यक्रम से जुड़ना यह दर्शाता है कि भारत की सांस्कृतिक चेतना देश के कोने-कोने में समान रूप से प्रवाहित हो रही है।
“सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर देख रहा है भारत”
विधायक दीपेश साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर मजबूती से अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्राचीन धरोहरों और आध्यात्मिक स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन के महाकाल लोक और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण की प्रेरणादायी मिसाल बताया। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर सांस्कृतिक रूप से समृद्ध, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। इस प्रकार के आयोजन “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सशक्त करते हैं तथा लोगों को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पदमाकर, मंडल अध्यक्ष गजानंद साहू, सरपंच अश्वनी साहू, देवनारायण साहू, पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष छोटूराम साहू, सोसायटी अध्यक्ष भागी साहू, वेदप्रकाश वैष्णव, संदीप खरे, डेरहा देवांगन, कार्यक्रम अधिकारी नरेगा रवि कराडे, एसबीएम ब्लॉक कोऑर्डिनेटर घनश्याम सिन्हा, तकनीकी सहायक मनींद्र जय साहू, विकास विस्तार अधिकारी भारत बंजारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। अंत में विधायक दीपेश साहू ने सफल आयोजन के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
