रात में मचाया उत्पात, हथियार समेत गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम परसबोड निवासी प्रार्थिया कुंजू बाई वर्मा (45 वर्ष) ने थाना साजा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 मई 2026 की रात लगभग 09:30 बजे उनके घर के सामने गांव का करण ठाकुर पहुंचा और उनके बड़े पुत्र रवि वर्मा का नाम लेकर अश्लील गालियां देते हुए बाहर निकलने की धमकी देने लगा।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी हाथ में लोहे का धारदार वस्तु लेकर उसे लहराते हुए रवि वर्मा को जान से मारने और काट डालने की धमकी दे रहा था। जब प्रार्थिया ने इसका विरोध किया तो आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया तथा रवि वर्मा को बाहर निकालने की बात कहते हुए लगातार गाली-गलौज और धमकी देता रहा।
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि आरोपी जिस तरह से हथियार लेकर घर के पास धमकी दे रहा था, उससे किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। मामले में थाना साजा पुलिस ने अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी करण ठाकुर पिता गिरधारी ठाकुर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम परसबोड थाना साजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किया गया।
न्यायालय में पेश, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी करण ठाकुर को 10 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
