नवागढ़ थाना के ग्राम मुरकुटा में अधेड़ की हत्या से मचा हड़कंप ! खेत की मेड़ बनी मौत की वजह ! डंडों से पीटपीट कर उतारा मौत के घाट, आरोपी की तलाश जारी


नवागढ़। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत-जमीन के लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति की कथित रूप से डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

पुराने जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुरकुटा निवासी विद्यासागर नवरंग और गेंदलाल नवरंग के बीच खेत-जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान गेंदलाल नवरंग ने अपने घर के बाहर विद्यासागर नवरंग पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

मौके पर ही हुई मौत

हमले में विद्यासागर नवरंग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गांव की बीच गली में हुई इस हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। प्रारंभिक जांच में खेत-जमीन का पुराना विवाद हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post