तहसील कार्यालय के पास एक दिवसीय धरना, सैकड़ों रोजगार सहायकों ने निकाली रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन


बेमेतरा। अपनी लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक संघ, जिला बेमेतरा के बैनर तले सोमवार को रोजगार सहायकों ने जोरदार आंदोलन किया। तहसील कार्यालय के समीप आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों रोजगार सहायकों ने हिस्सा लिया। इसके बाद विशाल रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा।

धरना-प्रदर्शन और रैली में बेमेतरा, साजा, बेरला एवं नवागढ़ विकासखंडों से बड़ी संख्या में रोजगार सहायक शामिल हुए। आंदोलन के दौरान रोजगार सहायकों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए कहा कि वर्षों से ग्रामीण विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन अब तक उन्हें उचित सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल सकी है।

ये हैं रोजगार सहायकों की प्रमुख मांगें

🔹 सचिव पद पर सीधी भर्ती में लाभ दिया जाए, ताकि लंबे समय से कार्यरत रोजगार सहायकों को पदोन्नति और बेहतर अवसर मिल सकें।

🔹 निश्चित वेतनमान लागू कर 65 वर्ष तक नौकरी की सुरक्षा प्रदान की जाए, जिससे रोजगार सहायकों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

🔹 मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एमएमएस) के तहत उपस्थिति दर्ज करने के लिए मोबाइल या टैबलेट उपलब्ध कराया जाए, ताकि तकनीकी संसाधनों के अभाव में कर्मचारियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

“मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा और तेज”

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि रोजगार सहायक वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं को सफल बनाने में लगे हुए हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बेमेतरा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। आंदोलन के दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए रोजगार सहायकों में भारी उत्साह देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post