ग्राम मुरकुटा मे हुए खेत विवाद में खूनी खेल का खुलासा: पिता-पुत्र गिरफ्तार, डंडे से पीटकर की थी किसान की हत्या


जमीन की रंजिश बनी मौत की वजह, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

बेमेतरा/नवागढ़ । नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मुरकुटा में खेत-जमीन विवाद को लेकर हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमरकांत नवरंग ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम मुरकुटा से साल्हेघोरी मार्ग पर स्थित खेत को लेकर उसके पिता विद्यासागर नवरंग (57 वर्ष) और पड़ोसी गेंदलाल नवरंग के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। खेत में पानी निकासी एवं कांटा तार घेराबंदी को लेकर दोनों पक्षों में लगातार तनाव बना हुआ था।

सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते आरोपी गेंदलाल नवरंग और उसके पुत्र शशीकांत उर्फ सुशील नवरंग ने विद्यासागर नवरंग को उनके घर के सामने गली में घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने डंडे से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे विद्यासागर नवरंग की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण एवं शव पंचनामा की कार्रवाई की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गेंदलाल नवरंग (67 वर्ष) एवं उसके पुत्र शशीकांत उर्फ सुशील नवरंग (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खेत के चारों ओर लगाए गए कांटा तार के कारण उसे अपने खेत तक आने-जाने में परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह विद्यासागर नवरंग को अकेला देखकर उसने डंडे से हमला कर दिया, जिसमें उसके पुत्र ने भी साथ दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार क्षत्री, प्रधान आरक्षक गोपाल ध्रुव, अजय बंजारे, शत्रुघ्न बंजारे तथा थाना नवागढ़ के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post