बेमेतरा ! जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सराफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी भूषण एक्का, विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में यह बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला ने की।
बैठक में शहर के सराफा व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा अलार्म एवं आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या असामान्य स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को बड़ी लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, अज्ञात व्यक्तियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए शहर में लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही जिले में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा का स्टाफ एवं शहर के सराफा व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
