“VIP नहीं, आम दूल्हा बनेंगे बेमेतरा विधायक दीपेश साहू… मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 31 मई को लेंगे सात फेरे”


“सादगी, संस्कार और सामाजिक संदेश का संगम — बेमेतरा विधायक का बड़ा फैसला”

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने एक अनोखी पहल करते हुए स्वयं इसी योजना के तहत विवाह करने का निर्णय लिया है। विधायक के इस फैसले की पूरे जिले सहित प्रदेशभर में जमकर चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार आगामी 31 मई को नगर के बेसिक स्कूल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां विधायक दीपेश साहू सहित कुल 24 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। बताया जा रहा है कि विधायक दीपेश साहू का यह कदम समाज में सादगीपूर्ण विवाह, फिजूलखर्ची पर रोक और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के भव्य आयोजनों के बीच विधायक का यह निर्णय जनता के बीच सकारात्मक संदेश दे रहा है।


राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस पहल को “जनप्रतिनिधि द्वारा जनता की योजना को खुद अपनाने” की बड़ी मिसाल माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि इससे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को नई पहचान मिलेगी और जरूरतमंद परिवारों को भी प्रेरणा मिलेगी। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि शासन की योजनाएं तभी सफल होती हैं जब जनप्रतिनिधि स्वयं उन्हें अपनाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। उनका यह कदम अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।

समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। पूरे आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post