"चलती एम्बुलेंस बनी प्रसूति कक्ष" 108 संजीवनी एक्सप्रेस की तत्परता से गर्भवती महिला ने एम्बुलेंस में दिया स्वस्थ शिशु को जन्म


बेमेतरा ! प्रदेश सरकार की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा 108 संजीवनी एक्सप्रेस एक बार फिर जरूरतमंद के लिए जीवनदायिनी साबित हुई। 108 एम्बुलेंस कर्मियों की सूझबूझ, तत्परता और मानवता से एक गर्भवती महिला का चलती एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आनंदगांव निवासी 24 वर्षीय श्रीमती मानसी, पति दीपक को गर्भावस्था संबंधी जटिलता होने पर जिला चिकित्सालय बेमेतरा में भर्ती कराया गया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एक्सप्रेस के पायलट नीलमणि एवं ईएमटी कलावती गायकवाड़ तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और गर्भवती महिला को एम्बुलेंस से रायपुर के लिए रवाना किया गया।

धरसीवां के पास बढ़ी प्रसव पीड़ा, एम्बुलेंस में ही कराया सुरक्षित प्रसव

रायपुर पहुंचने से पहले धरसीवां के आसपास महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी कलावती गायकवाड़ ने परिजनों की सहमति एवं पायलट नीलमणि के सहयोग से एम्बुलेंस में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया।

ईएमटी द्वारा सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाओं और सावधानियों का पालन करते हुए सुरक्षित प्रसव कराया गया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। कठिन परिस्थितियों में भी 108 टीम ने धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए मां और बच्चे दोनों की सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित की।

मेकाहारा रायपुर में भर्ती, दोनों स्वस्थ

सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा एवं नवजात शिशु को बेहतर उपचार और देखभाल हेतु मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य और स्वस्थ बताई जा रही है।

घटना के बाद परिजनों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस टीम, ईएमटी कलावती गायकवाड़ एवं पायलट नीलमणि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में टीम ने मानवता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post