राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी, रायपुर से अपना बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद इन प्रशिक्षु अधिकारियों को जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है, जहां वे कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध विवेचना तथा पुलिस प्रशासन की व्यावहारिक कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) ने पुलिस कार्यालय बेमेतरा में सभी प्रशिक्षु अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जिला पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीतियों तथा जनहित आधारित पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश चौहान, सतवन सिंह, सुरेन्द्र कुमार, सूरज प्रकाश, जितयेन्द्र कुमार, निधि गुप्ता, कल्पना महंत, गीतांजली, चंचल पांडेय एवं ईश्वरी कुमारी डुप्ले को थाना स्तर के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इनमें प्रधान आरक्षक मोहर्रिर कार्य, गश्त एवं रात्रि पेट्रोलिंग, सीसीटीएनएस संचालन, कोर्ट मोहर्रिर कार्य, संत्री ड्यूटी, मुलजिम पेशी, न्यायालयीन प्रक्रिया तथा बीट आरक्षक की जिम्मेदारियां शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों एवं अनुभवी पुलिसकर्मियों के मार्गदर्शन में होने वाला यह व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रशिक्षु अधिकारियों को जनसंपर्क, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करेगा। इससे भविष्य में वे एक सक्षम, अनुशासित, संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकेंगे।
बैठक में DIG रामकृष्ण साहू ने प्रशिक्षु अधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन, समर्पण एवं निष्ठा के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने पुलिस सेवा के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षु अधिकारियों की सहभागिता से बेमेतरा जिले में पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होने तथा आम जनता को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, रीडर-1 निरीक्षक कृष्णकांत सिंह, एसआरसी/स्थापना लिपिक सउनि (अ) महेन्द्र भुआर्य सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
