हरित खाद को बढ़ावा: देंचा और मूंग बीज 50% अनुदान पर उपलब्ध, किसानों के लिए सुनहरा अवसर


बेमेतरा। जिले के किसानों के लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने एवं भूमि की उर्वरा शक्ति सुधारने के उद्देश्य से देंचा एवं मूंग बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान इस योजना का लाभ उठाकर कम लागत में हरित खाद एवं दलहनी फसलों की खेती कर सकते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेमेतरा ब्लॉक के लिये सेवा सहकारी समिति खंडसरा, बेमेतरा, बालसमुंद एवं दाढ़ी में देंचा और मूंग बीज उपलब्ध हैं। जिले के किसान, चाहे वे किसी भी समिति से जुड़े हों, इन समितियों से बीज प्राप्त कर सकते हैं।

किसानों को बीज प्राप्त करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा इच्छुक किसान नकद भुगतान कर भी बीज खरीद सकते हैं।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार देंचा की खेती हरित खाद के रूप में भूमि में जैविक तत्वों की वृद्धि करती है, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है। वहीं मूंग की फसल किसानों को अतिरिक्त आय के साथ-साथ भूमि में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ाने में भी सहायक होती है।

कृषि विभाग एवं सहकारी समितियों ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अनुदानित बीज का लाभ उठाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post