बेमेतरा। छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने बेमेतरा जिले में संगठनात्मक मजबूती के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए तहसील कार्यालय बेमेतरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 किसन मानिकपुरी को संघ का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संघ के प्रांताध्यक्ष संजय सिंह द्वारा संघीय संविधान में प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए की गई है।
जारी संघीय आदेश के अनुसार नव नियुक्त जिला अध्यक्ष किसन मानिकपुरी को 15 दिवस के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन कर उसकी जानकारी प्रांतीय संगठन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
प्रांतीय कार्यालय रायपुर से जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को भेजी गई है। साथ ही निवर्तमान जिला अध्यक्ष विक्रम देवांगन को भी आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना हेतु प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।
संघ के प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि किसन मानिकपुरी के नेतृत्व में बेमेतरा जिले के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्य किया जाएगा।
नियुक्ति की जानकारी मिलते ही जिले के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया तथा संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानिकपुरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
