भैंसा पंचायत में सरपंच के खिलाफ बिगुल, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट; जांच और अविश्वास प्रस्ताव की मांग

कलेक्टोरेट के मुख्य द्वार पर रोके गए ग्रामीण, जनपद सीईओ नवीन मसीयारे ने मौके पर लिया ज्ञापन


बेमेतरा टाइम्स । ग्राम पंचायत भैंसा के सरपंच के खिलाफ जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं पंच कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने सरपंच पर ग्राम विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के नाम ज्ञापन सौंपा। मौके पर बेमेतरा तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा एवं नायब तहसीलदार जयंत पटले भी उपस्थित रहे !

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम के स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा प्राथमिक शाला के नवीन भवन एवं अतिरिक्त कक्षों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर पंचायत स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। इससे ग्रामीणों एवं पंचगणों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत भैंसा के कार्यों एवं सरपंच की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में यदि नियमानुसार कार्रवाई का आधार पाया जाता है, तो संबंधित वैधानिक प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा अविश्वास प्रस्ताव/पद से हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों को कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के पास ही रोक दिया गया। इसके बाद जनपद पंचायत के सीईओ नवीन मसीयारे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से ज्ञापन प्राप्त किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद या अनुचित दबाव बनाना नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत में पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्य सामने लाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पंच मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post