बस स्टैंड और शराब दुकान के पास मौत को न्योता दे रहा खुला ट्रांसफार्मर, मवेशी आया करंट की चपेट में


बेमेतरा टाइम्स । शहर के संबलपुर बस स्टैंड और शराब दुकान के पास विद्युत विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर चैंबर पर सुरक्षा कैप अथवा सुरक्षा जाली नहीं होने से खुले तार और विद्युत उपकरण हादसे को न्योता दे रहे हैं।

बुधवार 26 अगस्त को चारा चर रहा एक मवेशी अचानक करंट की चपेट में आ गया। विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से मवेशी बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश देखा गया। गनीमत रही कि मवेशी के साथ हुए हादसे के दौरान कोई राहगीर या बच्चा इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।

भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड क्षेत्र में खुला ट्रांसफार्मर बना खतरा

संबलपुर बस स्टैंड और शराब दुकान के आसपास लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर ट्रांसफार्मर चैंबर का सुरक्षित नहीं होना विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर चैंबर को सुरक्षित कराने, सुरक्षा जाली लगाने और खुले हिस्से को पूरी तरह ढंकने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मवेशी के करंट की चपेट में आने की घटना चेतावनी है—अब विभाग को किसी इंसान के हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि विद्युत सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post