नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा के नेतृत्व में एबीसी एनिमल्स बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना
बेमेतरा टाइम्स । शहर में आवारा एवं श्वान नियंत्रण की दिशा में नगर पालिका परिषद बेमेतरा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा के नेतृत्व में एबीसी (Animal Birth Control) एनिमल्स बर्थ कंट्रोल सेंटर की स्थापना कराई गई है। इस सेंटर के शुरू होने से शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने तथा पशु कल्याण के मानकों के अनुरूप नसबंदी एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका की इस पहल का उद्देश्य आवारा श्वानों की संख्या को वैज्ञानिक एवं मानवीय तरीके से नियंत्रित करना है, ताकि शहरवासियों को श्वान संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके और पशुओं के प्रति भी संवेदनशीलता बनी रहे। एबीसी सेंटर के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत श्वानों को पकड़कर उनकी नसबंदी एवं आवश्यक टीकाकरण किया जाएगा तथा उपचार के बाद उन्हें निर्धारित स्थान पर छोड़े जाने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि शहर की स्वच्छता, नागरिकों की सुरक्षा और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए एबीसी सेंटर की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर पालिका द्वारा शहर की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एबीसी सेंटर के संचालन से बेमेतरा शहर में आवारा श्वानों की संख्या पर नियंत्रण के साथ-साथ रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की इस पहल को शहर में पशु नियंत्रण एवं नागरिक सुविधा की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
