कलेक्टर ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन अमले को निर्देशित किया है कि नेपाल में लापता या फंसे जिले के लोगों की जानकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ एकत्र कर तत्काल स्टेट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, गृह जिला, संपर्क नंबर, परिवार के सदस्य अथवा रिश्तेदार का नाम एवं मोबाइल नंबर तथा नेपाल में यात्रा या ठहरने से जुड़ी उपलब्ध जानकारी संकलित की जा रही है।
विदेश मंत्रालय द्वारा प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों का पता लगाने और उनसे संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य स्तर पर भी प्राप्त जानकारी को संबंधित एजेंसियों के साथ साझा कर आवश्यक समन्वय किया जाएगा, ताकि प्रभावित अथवा लापता लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।
कलेक्टर की नागरिकों से अपील—संपर्क न होने पर तुरंत दें सूचना
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदारी या परिचय का कोई व्यक्ति नेपाल में मौजूद है और हालिया घटना के बाद उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी सूचना में देरी न करें। उपलब्ध जानकारी के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पतासाजी के लिए राज्य एवं केंद्र स्तर पर आवश्यक समन्वय किया जाएगा।
नोडल अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने इस कार्य के लिए सुश्री पिंकी मनहर, डिप्टी कलेक्टर, बेमेतरा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनका मोबाइल नंबर 79748-80334 है। वहीं श्री पवन सिंह परमार, अधीक्षक (रा.) को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका मोबाइल नंबर 96301-98250 है।
सूचना एवं सहायता के लिए संपर्क
स्टेट कंट्रोल रूम: +91-7712223471
डिजास्टर हेल्पलाइन: 1070
जिला आपदा राहत शाखा, बेमेतरा: 07824-222103
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल में मौजूद परिजनों अथवा परिचितों से संपर्क नहीं हो पाने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल उपरोक्त हेल्पलाइन अथवा नोडल अधिकारियों से संपर्क कर उपलब्ध जानकारी साझा करें। प्रशासन ने कहा है कि प्राप्त प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा, ताकि लापता व्यक्तियों की पतासाजी एवं आवश्यक सहायता के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
