अब गांवों में भी होगी हाईटेक सफाई व्यवस्था : बेमेतरा के ढोलिया में शुरू हुआ फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट, मात्र 1700 रुपये में होगी सेप्टिक टैंक की वैज्ञानिक सफाई


बेमेतरा । स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण परिवेश के निर्माण की दिशा में जिला बेमेतरा ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोलिया में फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) की शुरुआत की है। इस आधुनिक सुविधा के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों में सेप्टिक टैंकों की सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिले की कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत बेमेतरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर के मार्गदर्शन में इस सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

जिला पंचायत में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयकों तथा ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों को निर्देशित किया कि इस सुविधा की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। इसके लिए पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर दीवार लेखन के माध्यम से संपर्क नंबर एवं आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जाएगी तथा स्वच्छता समूह की महिलाओं द्वारा घर-घर संपर्क कर लोगों को सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक 3 से 4 वर्षों में सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई कराना स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे खुले में गंदगी फैलने की समस्या कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण का निर्माण होगा।

इस व्यवस्था के तहत ग्रामीण मात्र 1700 रुपये के न्यूनतम शुल्क पर अपने घर के सेप्टिक टैंक की सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से सफाई करा सकेंगे। प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा अपशिष्ट का संग्रहण कर उसे ढोलिया स्थित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट में वैज्ञानिक पद्धति से उपचारित किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा विषय है। ढोलिया में स्थापित फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट ग्रामीण स्वच्छता को नई दिशा देने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत विकास की अवधारणा को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post