मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश पर बेरला में आबकारी का बड़ा एक्शन : अवैध शराब कारोबारियों पर ताबड़तोड़ दबिश, 24 प्रकरण दर्ज


बेमेतरा टाइम्स । जिले के बेरला क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश और समाचार पत्रों में प्रकाशित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल जांच, लगातार गश्त और सघन दबिश अभियान चलाकर कई गांवों में कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत अवैध शराब जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

जिला आबकारी अधिकारी द्वारा कलेक्टर को भेजे गए प्रतिवेदन के अनुसार, वृत्त-बेरला क्षेत्र में आबकारी अमले ने लगातार निगरानी और सूचना संकलन के आधार पर कई संदिग्ध स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम टकसिवा निवासी सुमित्रा सोनवानी के रिहायशी परिसर से अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई देशी मसाला शराब जब्त की गई। वहीं ग्राम कोदवा निवासी कुशाल बारले के कब्जे से भी अवैध देशी मदिरा बरामद की गई।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा ग्राम रांका सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया, जहां अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और विक्रय से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

आबकारी विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक वृत्त-बेरला क्षेत्र में अवैध मदिरा से जुड़े 24 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक वाहन भी जब्त किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमित गश्त, छापामार कार्रवाई और जनसूचनाओं के आधार पर अभियान को और तेज किया जाएगा।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की सक्रियता से बेरला क्षेत्र में अवैध शराब के नेटवर्क पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post