भगवान श्रीराम की ननिहाल माँ कौशल्या धाम में गूंजेगी रामकथा, 26 से 28 सितंबर तक होगा भव्य मानस महासम्मेलन एवं 'मानस ब्रह्म गर्भ मंथन 6.0'


देश-विदेश के संत, मानस मर्मज्ञ और हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, तैयारियों को लेकर पाँच घंटे चली महाबैठक

चंदखुरी (रायपुर)। भगवान श्रीराम की ननिहाल एवं छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र माँ कौशल्या धाम, चंदखुरी आगामी 26, 27 एवं 28 सितंबर 2026 को भव्य मानस महासम्मेलन एवं "मानस ब्रह्म गर्भ मंथन 6.0" का साक्षी बनेगा। माँ कौशल्या मंदिर समिति, चंदखुरी के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक महाआयोजन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित संत, मानस मर्मज्ञ, विद्वान एवं हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।

आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से मानस दर्शन जीवन अर्पण के संस्थापक एवं परिकल्पनाकार आदरणीय श्री दीपक गुहा के नेतृत्व में केंद्रीय टीम ने माँ कौशल्या धाम पहुँचकर आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके पश्चात माँ कौशल्या मंदिर ट्रस्ट एवं मानस दर्शन जीवन अर्पण के पदाधिकारियों की लगभग पाँच घंटे तक चली महाबैठक में आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा, संतों के आगमन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक का गरिमामय एवं प्रभावशाली संचालन राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, अंतरराष्ट्रीय कलमकार तथा जिला संयोजक (गरियाबंद) मुन्नालाल देवदास ने किया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्य, कार्ययोजना एवं जिम्मेदारियों का सुव्यवस्थित प्रस्तुतीकरण करते हुए सभी पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिससे बैठक प्रेरणादायी एवं सफल वातावरण में संपन्न हुई।

बैठक में जानकारी दी गई कि इस ऐतिहासिक आयोजन में छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित मानस मंडलियों द्वारा भावपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के संतों और विद्वानों के प्रवचनों से माँ कौशल्या धाम तीन दिनों तक आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का केंद्र बना रहेगा।

बैठक में मानस दर्शन जीवन अर्पण केंद्रीय समिति के देवलाल लाल सिन्हा, आत्मराम साहू, धड़कन विष्णु साहू, पुनेश्वर साहू, बिहारी लाल यादव, के. के. सिन्हा, हितेंद्र साहू, गजेन्द्र वर्मा, रामकुमार प्रजापति, भूपेश बनपेला, संदीप ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

आयोजन की तैयारियों में नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष प्रदीप बैस, मुख्य पुजारी गणेश राम, पार्षद नरेंद्र कुमार, माँ कौशल्या नवाचार फाउंडेशन के मुन्नालाल देवदास, माँ कौशल्या मंदिर समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा, माँ कौशल्या मानस संघ रायपुर के अध्यक्ष दिलीप सिंह ठाकुर, संरक्षक नारायण प्रसाद वर्मा, कोषाध्यक्ष रोहित साहू, सलाहकार जोईधा राम तारक, संचालक मेसूल साहू, लतेल जायसवाल, संतोष साहू, जनक राम, ओंकार पटेल, महिला मंडली एवं समस्त नगरवासियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।

आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान श्रीराम की ननिहाल माँ कौशल्या धाम में आयोजित यह मानस महासम्मेलन एवं "मानस ब्रह्म गर्भ मंथन 6.0" छत्तीसगढ़ के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय स्थापित करेगा तथा श्रीरामचरितमानस के आदर्शों और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post