समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर देवकर में मां शीतला जुड़वास उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उत्सव में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन से पर्याप्त सुरक्षा बल एवं सुचारु यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
समिति के अनुसार, 09 जुलाई 2026 (गुरुवार) को प्रातः 9:00 बजे से भव्य कलश यात्रा, हवन-पूजन, सेवा भजन, महाभंडारा एवं प्रसादी वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां शीतला का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने समिति से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन को सफल एवं अनुकरणीय बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर स्टेनो संतोष सोनवानी, जिला विशेष शाखा से प्रधान आरक्षक ऐश्वर्य सिंह, जय मां शीतला जुड़वास उत्सव समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
