3 जुलाई को तहसील मुख्यालयों में गरजेंगे कोटवार : नियमितीकरण, 15 हजार मासिक पारिश्रमिक सहित कई मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का ऐलान


थानखम्हरिया, बेमेतरा टाइम्स | कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक-40) के आह्वान पर प्रदेशभर के कोटवार अपनी लंबित मांगों को लेकर 3 जुलाई 2026 को तहसील मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसी क्रम में तहसील थानखम्हरिया शाखा के कोटवार भी तहसील कार्यालय परिसर में धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपेंगे।

एसोसिएशन द्वारा तहसीलदार को दिए गए सूचना पत्र में बताया गया है कि कोटवार लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से प्रदेश के कोटवारों में गहरा असंतोष और निराशा व्याप्त है। इसी के चलते प्रांतीय संघर्ष समिति के निर्देशानुसार आंदोलन का पहला चरण शुरू किया जा रहा है।

कोटवार संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।

कोटवारों की प्रमुख मांगें

  • कोटवारों को नियमित कर राजस्व विभाग में संविलियन किया जाए।
  • पारिश्रमिक बढ़ाकर न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
  • नियुक्तियों में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर कोटवार परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाए।
  • बिना तथ्यात्मक जांच के कोटवारों पर की जाने वाली कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
  • कोटवारों से अनावश्यक बेगारी न लेने संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाए।
  • नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगाया गया प्रतिबंध तत्काल हटाया जाए।

कोटवार एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगामी समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post