बुड़ेरा में डबल मर्डर से सनसनी : 82 वर्षीय बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या, सुबह नाती ने देखा खौफनाक मंजर

82 वर्षीय पति-पत्नी की हत्या से मचा हड़कंप, गांव में पसरा सन्नाटा ; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी


बेमेतरा टाइम्स । साजा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कामकावाड़ा के आश्रित ग्राम बुड़ेरा में बुधवार रात 82 वर्षीय बुजुर्ग पति-पत्नी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं आसपास के गांवों में भी घटना की खबर फैलते ही सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान बलिराम साहू और उनकी पत्नी कजरी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति अपने चार बच्चों से अलग गांव में ही अपने नाम से बने आवास में रहते थे। बुधवार रात दोनों की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उनका नाती स्कुल जाने के समय अपने घर की चाबी देने पहुंचा, जहां उसने अपने दादा-दादी को खून से लथपथ और गंभीर रूप से अवस्था में देखा। इसके बाद उसने तत्काल अपने माता-पिता और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों के अनुसार बुजुर्ग दंपति का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में अचानक हुई इस निर्मम हत्या से हर कोई स्तब्ध है। घटना को लेकर हत्या के कारण और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी रूचि वर्मा के नेतृत्व में परपोड़ी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हत्या का कारण फिलहाल अज्ञात है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही हत्या के कारणों तथा आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या ने बुड़ेरा सहित आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post