मां के नाम पौधा, देश के नाम तिरंगा : नरी स्कूल में 50+ पौधों का रोपण, विद्यार्थियों ने निकाली भव्य साइकिल रैली


बेमेतरा टाइम्स । शासकीय हाई स्कूल नरी में 11 अगस्त को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने पीपल, बरगद, नीम, आम, जामुन, गुलमोहर सहित 50 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। जनप्रतिनिधियों ने पौधों की पूजा-अर्चना कर विधिवत पौधारोपण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के प्राचार्य सुनील कुमार झा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस तेजी से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है और पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है, उससे आने वाले समय में पृथ्वी पर जीवन के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि बाड़ी, खेत की मेड़, तालाब के किनारे, मैदान तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधारोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यदि कोई सबसे बड़ा धर्म है तो वह पर्यावरण संरक्षण है।

विद्यालय के जागृति ईको क्लब के प्रभारी व्याख्याता दुर्गा प्रसाद सोनी एवं क्लब के सदस्यों के विशेष प्रयास से विद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। संस्था में ईको क्लब के माध्यम से विभिन्न औषधीय पौधों के साथ किचन गार्डन भी विकसित किया गया है।


शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम किसुन साहू एवं सरपंच लोकेश साहू ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने इस अभियान में हरसंभव जनसहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जुनून

वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर साइकिलों पर सवार विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान देशभक्ति के नारों और ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’ जैसे तिरंगा गीतों से पूरा गांव गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य ग्रामीणों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना तथा प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर उप सरपंच जकलू राम, जगमोहन सिन्हा, मन बोध साहू, गजेंद्र बन गोस्वामी, कुमार साहू, टोपेश्वर साहू, विनोद सिन्हा, लेखूराम सहित संस्था के व्याख्याता संजय वर्मा, उर्वशी साहू, बड़ी संख्या में पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post