पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को थाना साजा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सोमईकला स्थित धान संग्रहण केंद्र के पास प्रदीप कुमार साहू लोगों से अंकों के सामने रुपये का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी नामक जुआ खिला रहा है। सूचना पर साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा एवं थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार साहू (34 वर्ष), निवासी सोमईकला को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह मेडेसरा, थाना नंदनी, जिला दुर्ग निवासी तेजेन्द्र उर्फ सोनू और जीवन लाल पटेल के लिए सट्टा-पट्टी लिखता था तथा बाद में पर्ची की फोटो मोबाइल के माध्यम से उन्हें भेजता था। इसके बदले उसे रुपये दिए जाते थे।
मामले में पुलिस ने प्रदीप कुमार साहू, जीवन लाल पटेल (32 वर्ष) और तेजेन्द्र उर्फ सोनू (32 वर्ष) के खिलाफ थाना साजा में जुआ-सट्टा का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 तथा संगठन बनाकर सट्टा-पट्टी लिखवाने के मामले में धारा 112(1) BNS के तहत कार्रवाई की गई।
₹16,920 की सामग्री जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों से कुल ₹1,920 नगद, दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन कीमत करीब ₹15,000, सहित कुल ₹16,920 की सामग्री तथा सट्टा-पट्टी और पेन जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक योगेश यादव, आरक्षक नुरेश वर्मा, जयकिशन साहू, रेखन साहू, मुकेश माहिरे तथा थाना साजा के आरक्षक रामानुज जायसवाल, राजू यादव सहित थाना साजा एवं साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
