विद्यालय में विधायक ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति, खेलकूद गतिविधियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचियों को समझते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू एवं उनकी धर्मपत्नी तरुणा साहू ने विद्यार्थियों को कॉपी, पानी की बोतल, टिफिन बॉक्स, चॉकलेट सहित अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि बचपन जीवन की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि बच्चों में अपार संभावनाएं होती हैं और सही शिक्षा व मार्गदर्शन के माध्यम से वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है, जो जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलती है। ग्रामीण अंचलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और अवसर प्रदान करने की है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता महेश साहू, शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महामंत्री संदीप यादव, पार्षद नीतू कोठारी, राजू देवांगन, ओमकार साहू, प्राचार्य संजय कुमार प्यासी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
