1 करोड़ की कंप्यूटर खरीदी पर घिरा सिस्टम ! 70 लाख की गड़बड़ी के आरोपों के बाद कलेक्टर का बड़ा एक्शन, खरीदी की जांच शुरू, 7 दिन में रिपोर्ट


बेमेतरा टाइम्स । साजा विधानसभा क्षेत्र के लगभग 40 शासकीय विद्यालयों में विधायक निधि से करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से खरीदे गए कंप्यूटर सेटों में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बाजार मूल्य से चार गुना अधिक कीमत पर खरीदी, बिना मांग स्कूलों में कंप्यूटर पहुंचाने तथा खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होने जैसे आरोप सामने आने के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रतिष्ठा ममगाई ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

आरोप है कि प्रति विद्यालय तीन कंप्यूटरों के एक सेट पर ढाई लाख रुपए खर्च किए गए, जबकि बाजार में इनकी कीमत इससे काफी कम बताई जा रही है। कई विद्यालयों के संस्था प्रमुखों ने बताया कि उन्होंने कंप्यूटर की मांग नहीं की थी। कई जगह कंप्यूटर प्रयोगशाला तक नहीं है, जिसके कारण सिस्टम उपयोग के बजाय स्टोर और कमरों के कोनों में पड़े हैं। कुछ स्थानों पर बिना किसी आधिकारिक पत्र के कंप्यूटर पहुंचाने और सप्लायर की जानकारी नहीं देने जैसी बातें भी सामने आई हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति की अध्यक्षता डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार साहू करेंगे। समिति में जिला कोषालय अधिकारी प्रशांत प्रधान, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर महेंद्र कुमार वर्मा तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रोहित चंद्रवंशी को सदस्य बनाया गया है।

कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह कंप्यूटरों की गुणवत्ता, उपलब्धता और संपूर्ण खरीदी प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर 7 दिनों के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब पूरे जिले की नजर इस जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंप्यूटर खरीदी में लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post