पुलिस के अनुसार, विगत दिनों सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ युवक बेमेतरा चौपाटी में उपद्रव कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बेमेतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवकों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान सिनू देवांगन (निवासी बिजली ऑफिस के पीछे, बेमेतरा), जसन सिंह नथ (निवासी पंजापीपारा, बेमेतरा) तथा निलेश यादव (निवासी कचहरीपारा, बेमेतरा) द्वारा शांति भंग किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि समझाइश देने के बावजूद तीनों का व्यवहार उग्र बना रहा तथा पुनः विवाद उत्पन्न करने की आशंका के मद्देनजर उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 एवं धारा 126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सिनू देवांगन (18 वर्ष), पिता दिनेश देवांगन, जसन सिंह नथ (18 वर्ष), पिता रंजीत सिंह नथ तथा निलेश यादव (19 वर्ष), पिता फेरहा यादव शामिल हैं। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, उपनिरीक्षक भानुप्रताप पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत कोठारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
