बिलासपुर दुष्कर्म कांड पर बेमेतरा में सेन समाज का आक्रोश, फास्ट ट्रैक कोर्ट से फांसी की सजा की मांग


बेमेतरा टाइम्स । बिलासपुर स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए कथित जघन्य यौन शोषण मामले को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व सेन (नाई) समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व सेन (नाई) समाज जिला इकाई बेमेतरा ने बुधवार को जिला अध्यक्ष रामनारायण छल्ली के नेतृत्व में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में समाज ने दो प्रमुख मांगें रखीं। पहला यह कि नाबालिग के साथ दरिंदगी करने वाले मुख्य आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित सुनवाई कर उसे कड़ी से कड़ी सजा, जिसमें फांसी की सजा भी शामिल हो, सुनिश्चित की जाए। तो दूसरी यह कि घटना के संबंध में सेंट जेवियर स्कूल प्रबंधन की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मामले को दबाने का प्रयास सामने आए तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस अवसर पर संतोष सेन, नाथु सेन, संतराम सेन, राम सेन, रवि सेन, हरेराम सेन, बलदाऊ सेन, संतोष सेन (नवागढ़), राम निहोरा सेन, मनहरण सेन, राजू सेन, डेनिम सेन, सुशील सेन सहित अनेक सेन समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोरने वाली हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़िता को शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

जिला मीडिया प्रभारी दुर्गा प्रसाद सेन ने बताया कि समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post