सम्मेलन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के प्रबुद्ध वक्ताओं ने समाजहित, शिक्षा, संगठन और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और मजबूत संगठन है। संगठित समाज ही सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सेन समाज का इतिहास सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। उन्होंने संत शिरोमणि सेन जी महाराज के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव सेवा, कर्म और समानता का उनका संदेश आज भी समाज को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, संस्कार और संगठनात्मक शक्ति से होती है। समाज को अपनी मूल जड़ों को मजबूत करते हुए शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा मिल सकेगी।
इस दौरान समाज अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने कुसमी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की सहयोग राशि की मांग रखी। समाज की आवश्यकता और भावना को देखते हुए विधायक दीपेश साहू ने तत्काल 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा कर उपस्थित समाजजनों की जोरदार तालियों के बीच सराहना प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, युवाओं के मार्गदर्शन एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सम्मेलन में उपस्थित वरिष्ठजनों ने भी समाज की एकता को सर्वोपरि बताते हुए पहले अपनी मूल जड़ों को मजबूत करने तथा उसके बाद सर्व नाई सेन समाज के व्यापक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत सभापति प्रीतम चंदेल, प्रदेश रजककार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, प्रदेश अध्यक्ष सेन समाज हीराधर सेन, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सेन, विधायक प्रतिनिधि एवं समाजसेवी लक्ष्मी नारायण सेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक भूपेंद्र शंकर सेन, प्रदेश महासचिव महिला प्रकोष्ठ सरिता सेन, संगठन सचिव विद्या सेन, युवा मोर्चा प्रदेश सचिव कपिल सेन, राजिम महासभा अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सेन, परपोड़ी-साजा राज के रवि सेन एवं राजू सेन सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के सफल आयोजन में अध्यक्ष दीनानाथ सेन, उपाध्यक्ष ऋषि सेन, लोमेश कुमार सेन, कन्हैया सेन, मोहन सेन सहित समाज के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सेन समाज ने सामाजिक एकता, संगठन एवं समाजहित में निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम की जानकारी दुर्गा प्रसाद सेन द्वारा दी गई।
