रंजिश का खूनी अंजाम : आधी रात घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार





बेमेतरा टाइम्स । थाना थान खम्हरिया पुलिस ने घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हॉकी स्टिक एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोपेडबरी निवासी मालिक राम साहू (41 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जुलाई 2026 की रात लगभग 1:20 बजे उनके भाई मनोहर साहू की पत्नी ने फोन कर बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आए हैं और उन्होंने हॉकी स्टिक से मनोहर साहू के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया है। हमले में मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। सूचना मिलने पर परिजन एवं ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 331(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की जांच के दौरान सीन ऑफ क्राइम यूनिट, बेमेतरा की भी सहायता ली गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर योगेंद्र चौहान उर्फ बादल एवं कन्हैया लाल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते उन्होंने हॉकी स्टिक एवं धारदार हथियार से मनोहर साहू पर हमला किया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हॉकी स्टिक एवं अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए। मामले में आरोपी योगेंद्र चौहान उर्फ बादल (24 वर्ष), पिता नंदु चौहान, निवासी ग्राम कोसमंदा, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम, कन्हैया लाल यादव (33 वर्ष), पिता नन्हा यादव, निवासी ग्राम कोसमंदा, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम तथा एक अन्य आरोपी को 5 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post