बेमेतरा में मानसून मेहरबान : 5 जुलाई तक 93.6 मिमी औसत बारिश, दाढ़ी सबसे तर, नांदघाट सबसे सूखा

देवकर और थानखम्हरिया में भी अच्छी बारिश, लगातार वर्षा से प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह।


बेमेतरा टाइम्स । जिले में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 1 जून से 5 जुलाई की सुबह 8 बजे तक जिले में 93.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी है, वहीं निचले इलाकों में जलभराव और फिसलन की स्थिति भी बनने लगी है।

संयुक्त जिला कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में दाढ़ी तहसील में सर्वाधिक 127.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि नंदघाट तहसील में सबसे कम 60.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।

तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो देवकर में 125 मिमी, थानखम्हरिया में 112 मिमी, बेरला में 102.4 मिमी, साजा में 97 मिमी, भिंभौरी में 87.5 मिमी, नवागढ़ में 68 मिमी तथा बेमेतरा तहसील में 63 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। निचले क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के मद्देनज़र लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अलर्ट का पालन करने को कहा गया है।

बारिश की रफ्तार बढ़ने से खरीफ फसलों की बुआई को भी गति मिलने की उम्मीद है, जिससे जिले के किसानों को राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post