भारी बारिश की चेतावनी पर बेमेतरा हाई अलर्ट : कलेक्टर ने कहा— जन सुरक्षा सर्वोच्च, हर हालात से निपटने प्रशासन तैयार


बेमेतरा टाइम्स । जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी अनुविभागों, विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों एवं मैदानी अमले को लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विकासखंडों में राहत एवं बचाव दल, आवश्यक संसाधन और आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार रखी गई हैं, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों, पुल-पुलियों, नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में साजा अनुविभाग के अधिकारियों ने ग्राम रोद्रा स्थित डोटूनाला का निरीक्षण किया, जहां स्थिति सामान्य पाई गई। प्रशासन जलस्तर और आवागमन की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन के अनुसार फिलहाल जिले में कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके बावजूद संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ चौबीसों घंटे सक्रिय हैं।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश और मेघ गर्जना के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। साथ ही खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की भी अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post